सड़क हादसे में तीन युवक घायल, सांसद सुखदेव भगत ने दिखायी मानवता, सीएचसी भंडरा पहुंचाया
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। भंडरा-बेड़ो मुख्य पथ पर तुको गांव के समीप बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी। इसी दौरान लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत बेड़ो जतरा कार्यक्रम में भाग वहां से गुजर रहे थे।
घटना को देखकर सांसद ने तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और मानवता का परिचय देते हुए घायलों की सहायता में जुट गये। उन्होंने स्थानीय लोगों एवं अपने अंगरक्षकके सहयोग से घायल युवकों को वाहन व्यवस्था कर सीएचसी भंडरा पहुंचाने की व्यवस्था करायी, ताकि उन्हें शीघ्र चिकित्सा सुविधा मिल सके।
घायल तीनों रवि नगेसिया, जोसन नगेसिया और उमेश नगेसिया तीनों पाखर डूमर टोला के रहने वाले हैं। तीनों घायलों में से एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। सांसद भंडरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम जाना।
डॉक्टर से अद्यतन स्थिति का जायजा लिया और समुचित इलाज करने का निर्देश दिया तथा घायलों को आर्थिक सहयोग भी किये । दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचा दिये जाने से स्थिति नियंत्रण में रही।
स्थानीय लोगों ने सांसद के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का ऐसा संवेदनशील व्यवहार समाज के लिए प्रेरणादायक है। वहीं अस्पताल में दो घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौके पर सांसद के साथ आलोक कुमार साहू, शाहिद अहमद वेलू, वीरेंद्र यादव, अमित मिंज भी थे।