पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल में मंत्री बनने पर डॉ अजय पोद्दार को झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने दी बधाई
डॉ पोद्दार 70 के दशक में रांची के राजस्थान छात्रावास में रहकर शिक्षा प्राप्त की : सुरेश चंद्र अग्रवाल
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने पश्चिम बंगाल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ अजय पोद्दार को पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल में मंत्री बनाये जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल,वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन तथा संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने संयुक्त रूप से शुभकामना देते हुए कहा कि डॉ अजय पोद्दार को मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलना उनके लंबे जनसेवा कार्यों, कुशल नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता तथा समाज के प्रति समर्पण का सम्मान है।
सम्मेलन पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ पोद्दार ने अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में सदैव जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनकी कार्यशैली, दूरदर्शी सोच तथा विकासोन्मुखी दृष्टिकोण के कारण उन्हें जनता का व्यापक समर्थन एवं विश्वास प्राप्त हुआ है। मंत्री पद पर उनकी नियुक्ति न केवल पश्चिम बंगाल बल्कि संपूर्ण मारवाड़ी समाज एवं झारखंड के लिए भी गर्व का विषय है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ अजय पोद्दार अपने कुशल मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के विकास और प्रगति को नयी गति प्रदान करेंगे तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे। साथ ही वे अपने नये दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज के सभी वर्गों के कल्याण एवं जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।
सम्मेलन पदाधिकारियों ने यह भी उल्लेख किया कि डॉ अजय पोद्दार का झारखंड, विशेषकर रांची से पुराना एवं आत्मीय संबंध रहा है। ज्ञातव्य है कि वर्ष 1970 के दशक में उन्होंने रांची स्थित राजस्थान छात्रावास में रहकर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त की थी। छात्र जीवन से ही वे अनुशासन, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते रहे हैं। आज उनके मंत्री बनने से रांची एवं झारखंड के लोगों में भी विशेष हर्ष और गौरव का वातावरण है।
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने डॉ अजय पोद्दार के उज्ज्वल, सफल एवं जनकल्याणकारी कार्यकाल की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि वे अपनी कार्यकुशलता, अनुभव और समर्पण से पश्चिम बंगाल को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।