Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

वर्तमान समय की मांग है, तकनीकी शिक्षा : धीरज प्रसाद साहू

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
वर्तमान समय की मांग है, तकनीकी शिक्षा : धीरज प्रसाद साहू
विज्ञापन
  • वर्तमान समय की मांग है, तकनीकी शिक्षा : धीरज प्रसाद साहू
  • तरंग ग्रुप एवं आदित्य विजन के सहयोग से 60 मेधावी छात्राओं को टैब एवं स्मार्टफोन की सौगात

एबीएन न्यूज नेटवर्क, चतरा/लोहरदगा। तरंग ग्रुप एवं आदित्य विजन के सहयोग तथा शांति कृतनिश्चय सेवा फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) सहयोग से संचालित डिजिटल बेटी शक्ति महाअभियान – Tech Sakhi 2026 के तहत रविवार को चतरा के डीआरडीए भवन में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले की मेधावी बेटियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी सह पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू एवं विशिष्ट अतिथि मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष, मॉडल कॉलेज चतरा के प्राचार्य डॉ. मनीष दयाल, जिला परिषद सदस्य निशा कुमारी तथा कार्यक्रम संयोजक नसरुद्दीन अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन सत्र के बाद प्रतिभागियों द्वारा रंगारंग स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे सभागार में उत्साह और सांस्कृतिक ऊर्जा का माहौल बना दिया। उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तरंग ग्रुप के निदेशक अमित कुमार गुप्ता एवं शांति कृतनिश्चय सेवा फाउंडेशन के निदेशक सह अध्यक्ष बजरंग कुमार ने बताया कि देश की अग्रणी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी आदित्य विजन के सहयोग से जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा। इस दौरान कुछ विद्यालयों को स्मार्ट टीवी भी भेंट किए गए, ताकि छात्र-छात्राओं को डिजिटल शिक्षा का लाभ मिल सके।

मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय तकनीक और ज्ञान का युग है। ऐसे में बच्चों को सही दिशा, उचित संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने तरंग ग्रुप, आदित्य विजन एवं शांति कृतनिश्चय सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित इस अभिनव अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच डिजिटल अंतर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और यदि बेटियों को समय रहते डिजिटल संसाधनों से जोड़ा जाए, तो वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 8वीं, 9वीं, 10वीं, 11वीं, 12वीं एवं स्नातक स्तर की लगभग 60 मेधावी छात्राओं को टैबलेट एवं स्मार्टफोन देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय छात्राओं के चेहरे पर खुशी, आत्मविश्वास और उत्साह स्पष्ट रूप से झलक रहा था।

कार्यक्रम में सात वर्षीय कुमारी दित्या, पिता अभय कुमार, निवासी हजारीबाग, की मधुर आवाज ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने बच्ची की प्रतिभा को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। उपस्थित लोगों ने भी दित्या की प्रतिभा की जमकर सराहना की।

कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी ने कार्यक्रम को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली पहल बताया। वहीं आयोजकों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की प्रतिभाशाली बेटियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना, आधुनिक तकनीक की जानकारी देना तथा उनके शैक्षणिक विकास को नई दिशा प्रदान करना है।

समापन सत्र में जिला परिषद सदस्य निशा कुमारी एवं महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज ने इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बेटियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन करीना गुप्ता एवं शशिकांत ने संयुक्त रूप से किया।

आयोजन को सफल बनाने में संस्था के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सहित महेश, लक्ष्मी, मेघा, शिवानी, ओम, अमित, अगस्त्य, संध्या, चंदन तथा शांति कृतनिश्चय सेवा फाउंडेशन के सचिव मनीष कुमार, संयुक्त सचिव मोहित कुमार, शोभा कुमारी, बैद्यनाथ पासवान, मो. मुबारक, प्रशांत प्रभाकर, प्रियदर्शी कुमार, मो. मुदस्सिर, श्रुति एवं सुरभि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा, तकनीक, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का एक सशक्त संदेश देने में भी सफल रहा।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 81,960