Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 36
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

टाटानगर स्टेशन पर पांच किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
टाटानगर स्टेशन पर पांच किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार
विज्ञापन

आॅपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त छापेमारी, ढाई लाख रुपये आंकी गई बरामद गांजा की कीमत 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर।  टाटानगर रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे आॅपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को करीब 5 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बतायी जा रही है। घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। 

मिली जानकारी के अनुसार, स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ पोस्ट टाटा और सीआईबी की टीम ने प्लेटफॉर्म, प्रवेश द्वार और यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी शुरू की। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध परिस्थिति में घूमते दिखाई दिये। जवानों ने जब दोनों को रोककर पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। 

इसके बाद टीम ने दोनों युवकों के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो गांजा बरामद किया गया। गांजा बरामद होते ही दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। 

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार आॅपरेशन नारकोस चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्टेशन और ट्रेनों में नियमित जांच अभियान चलाया जाता है। गिरफ्तार आरोपियों और जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटा को सौंप दिया गया है।

 मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि गांजा ओडिशा से लाकर झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

विज्ञापन