एयरपोर्ट पर लोगों ने किया उनका स्वागत, डोरंडा के कल्पतरु पेड़ के किये दर्शन व पूजन
स्वर्णभूमि के सभागार में 27 मई को सायं 4:30 से सायं 7 बजे तक चलेगा आध्यात्मिक कार्यक्रम
टीम एबीएन, रांची। आज की तेज रफ्तार जिंदगी में जहां इंसान बाहर से मुस्कुराता हुआ दिखता है, वहीं भीतर कहीं न कहीं थकान, भय, अकेलापन और बेचैनी भी चुपचाप अपना घर बना लेते हैं। ऐसे समय में मन को सुकून, आत्मा को स्पर्श और जीवन को एक नयी दिशा देने के उद्देश्य से हरि ओम स्माइल्स की संस्थापिका डॉ. मोनिका सिंघल कल 27 मई, बुधवार को रांची के स्वर्णभूमि हॉल में आयोजित विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम रूबरू में उपस्थित होंगी।
करीब तीन घंटे तक चलने वाले इस आत्मिक संवाद में डॉ. मोनिका सिंघल सरल, सहज और हृदयस्पर्शी शब्दों में यह साझा करेंगी कि कैसे मनुष्य आडंबर और दिखावे से दूर रहकर जीवन के छोटे-छोटे पलों में भी आनंद को महसूस कर सकता है।
कार्यक्रम में भय से विश्वास की ओर, और स्वयं से आत्मा तक की यात्रा को समझाने का प्रयास किया जायेगा, ताकि व्यक्ति अपने भीतर छिपी शांति और शक्ति से पुन: जुड़ सके। ना कोई तन से अपंग रहे और ना कोई मन से अपंग रहे, इसी भाव को अपना मूलमंत्र बनाकर डॉ. मोनिका सिंघल देश-विदेश में अनेक प्रेरणादायी कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन को सकारात्मक दिशा दे चुकी हैं।
अब रांचीवासियों को भी उनके सान्निध्य में कुछ पल बिताने और तनाव, उलझनों तथा मानसिक थकान से दूर आत्मिक शांति का अनुभव करने का अवसर प्राप्त होने जा रहा है। यह कार्यक्रम केवल एक संबोधन नहीं, बल्कि स्वयं से मिलने और जीवन को नये दृष्टिकोण से महसूस करने की एक भावपूर्ण यात्रा होगा।
उपरोक्त कार्यक्रम 27 मई को सायं 4:30 बजे से सायं 7 बजे तक डंगराटोली स्थित स्वर्णभूमि के सभागार में होगा। प्रवेश नि:शुल्क रहेगा समय से 30 मिनट पूर्व ईस्ट मित्रो सहित परिवार के लोग आकर अपना स्थान अवश्य ग्रहण कर ले। आज उनका सायं रांचीआगमन हुआ एयरपोर्ट पर काफी संख्या में उपस्थित लोगों ने उनको बुके और अंग वस्त्र देकर उनका अभिनंदन और स्वागत किया।
एयरपोर्ट से सभी सदस्यों के संग डॉ मोनिका सिंघल डोरंडा के कल्पतरु वृक्ष के पास पहुंचकर उनके दर्शन किये और उनका पूजा भी किया साथ ही आशीर्वाद प्राप्त किया। मौके पर विकास अग्रवाल, अमित शर्मा, रोहित शारडा सहित हरि ओम स्माइल्स, रांची परिवार काफी संख्या में सदस्य मौजूद थे। उक्त जानकारी हरि ओम स्माइल्स रांची परिवार के पदधारियों ने दी है।