एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा। बरोरा थाना क्षेत्र के बहियारडीह और जोगीडीह में चल रहे अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ शनिवार की देर शाम को महिला ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बहियारडीह में लंबे समय से जारी अवैध कोयला खनन के विरोध में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं खनन स्थल पर पहुंच गयीं और कोयला लोड कर रहे दो ट्रकों को रोक दिया।
महिलाओं के विरोध को देखते ही वहां मौजूद अवैध खनन में लगे मजदूर मौके से फरार हो गये। इस दौरान अवैध कारोबारियों और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से गांव की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। लगातार हो रही अवैध कटाई के कारण क्षेत्र में भू-धंसान जैसी घटनाएं होने की आशंका बढ़ गयी है। ग्रामीणों ने अवैध कारोबारियों को तत्काल खनन कार्य बंद करने की चेतावनी दी।