Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

हिट वेव से बचाव लिए जागरूकता और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर

हिट वेव से बचाव लिए जागरूकता और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार द्वारा जारी हिट वेव एडवाइजरी के अनुपालन हेतु श्रम विभाग, झारखंड सरकार के अधिकारियों एवं फेडरेशन आॅफ झारखंड चैम्बर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज चैम्बर भवन में हुई। बैठक में उपस्थित श्रम अधीक्षक, रांची एतवारी महतो ने भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निदेर्शों एवं सलाहों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी एवं लू के प्रभाव से बचाव हेतु सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों, दुकानों, कपड़ा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, होटल एवं अन्य संस्थानों को आवश्यक सावधानियां अपनानी चाहिए। बैठक में सभी प्रतिष्ठानों में ठंडे पेयजल, ओआरएस, ग्लूकोज, नींबू पानी आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया, ताकि श्रमिकों, कर्मचारियों एवं आमजनों को गर्मी से राहत मिल सके। 

साथ ही विभिन्न व्यावसायिक संगठनों एवं चैम्बर आॅफ कॉमर्स से अपनी ओर से भी जन-जागरूकता हेतु अपील जारी करने का आग्रह किया गया। बैठक में भारत सरकार द्वारा जारी सलाह पर विस्तार से चर्चा की गयी। साथ ही एनजीओ एवं सामुदायिक समूहों को सार्वजनिक स्थलों पर पानी, छाछ एवं अन्य राहत पेय पदार्थों के स्टॉल लगाने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। 

इसके अतिरिक्त लू से प्रभावित व्यक्तियों के प्राथमिक उपचार एवं त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उपायों पर भी चर्चा की गयी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आमजनों से अपील की कि वे अत्यधिक धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करें।  

झारखंड चैम्बर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि भीषण गर्मी एवं हिट वेव की स्थिति को देखते हुए सभी औद्योगिक एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सामाजिक जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने कर्मचारियों, श्रमिकों एवं ग्राहकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने राज्य के सभी उद्योगों, व्यवसायियों एवं व्यापारिक संगठनों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में हिट वेव से बचाव को लेकर जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभायें।

चैम्बर के श्रम उप समिति के चेयरमैन प्रमोद सारस्वत ने कहा कि चैम्बर समाज के विभिन्न संगठनों, एनजीओ के साथ मिलकर आमजनों को राहत पहुंचाने एवं जागरूकता अभियान चलाने में सहयोग करेगा, ताकि भीषण गर्मी के दौरान जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव को कम किया जा सके। 

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, अमित शर्मा, श्रम एवं ईएसआईसी उप समिति चेयरमैन प्रमोद सारस्वत, सदस्य राजीव चौधरी, सतीश कुमार, श्रम विभाग के पदाधिकारी अनंत कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी फेडरेशन के सह सचिव नवजोत अलंग ने दी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 7,428