झारखंड में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में लू का अलर्ट
रांची समेत कई शहरों में बढ़ा तापमान, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में गर्मी अब लोगों की सहनशक्ति की परीक्षा लेने लगी है। सुबह होते ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि यहां तापमान में 0.8 डिग्री की हल्की गिरावट दर्ज की गयी, लेकिन गर्म हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। वहीं बोकारो में 41.5 डिग्री, चाईबासा में 39.4 डिग्री और जमशेदपुर में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।