विश्वविद्यालयों और अंगीभूत महाविद्यालयों में प्रस्तावित रिस्ट्रक्टिंग एंड क्लसटरिंग सिस्टम वापस लेने की मांग को लेकर आजसू का गांधीगिरी प्रदर्शन
टीम एबीएन, रांची। आज अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत महाविद्यालयों में प्रस्तावित रिस्ट्रक्टिंग एंड क्लसटरिंग सिस्टम को वापस लेने की मांग को लेकर आज स्टेशन रोड स्थित बीएनआर होटल के बाहर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने गांधीगिरी का परिचय देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं को गुलाब फूल भेंट कर अपनी मांगों से अवगत कराया। प्रदर्शन के दौरान बबलू महतो ने कहा कि यह प्रस्तावित व्यवस्था छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है तथा इससे शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
ऋतुराज शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। आजसू मांग करती है कि रिस्ट्रक्टिंग एंड क्लसटरिंग सिस्टम को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए छात्रहित में निर्णय लिया जाये।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और सरकार से छात्रहित में सकारात्मक पहल करने की अपील की। साथ ही आजसू ने कहा कि अगर सरकार इस मीटिंग में अधिनियम को वापस नही लेती है तो उग्र आंदोलन व सभी विश्वविद्यालयों में तालाबंदी करेगी।
मौके पर चेतन प्रकाश, अजित कुमार, प्रताप सिंह, बबलू महतो, ऋतुराज शाहदेव, राजेश सिंह, सक्षम झा, रोशन नायक, अनुष्का सिन्हा, अमन साहू, सौरभ यादव, राज दुबे, निशांत लिंडा, सचिन राजपूत, ऋषभ, पंकज, हिमांशु एवं छात्र उपस्थित थे।