Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

लोहरदगा : जिला राजी पड़ाह व्यवस्था ने जताया सबों का आभार

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
लोहरदगा : जिला राजी पड़ाह व्यवस्था ने जताया सबों का आभार
विज्ञापन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला राजी पड़ाह व्यवस्था, लोहरदगा के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विशु सेंदरा महापर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु हम समस्त सहयोगियों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं ग्रामीण जनता के प्रति हृदय की गहराइयों से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद प्रकट करते हैं। 

यह आयोजन हमारी आदिवासी परंपरा, संस्कृति, सामाजिक एकता एवं पूर्वजों की विरासत को सहेजने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा, जिसे सफल बनाने में समाज के हर वर्ग ने तन, मन और सहयोग की भावना से अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। 

सबसे पहले हम लोहरदगा जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, पेयजल विभाग एवं चिकित्सा प्रशासन के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति विशेष धन्यवाद व्यक्त करते हैं, जिनके सहयोग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं पेयजल व्यवस्था के कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सका। साथ ही प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सभी पत्रकार बंधुओं का भी विशेष आभार, जिन्होंने इस सांस्कृतिक एवं पारंपरिक आयोजन को समाज और जनमानस तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। 

मीडिया के सहयोग से हमारी आदिवासी संस्कृति और परंपरा को व्यापक पहचान मिली है। हम 23 पड़हा से पधारे सभी बेल, दीवान, कोटवार, पहान, पुजार एवं महतो समाज के सम्मानित अगुवाओं के प्रति भी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, जिनकी उपस्थिति, मार्गदर्शन एवं सहभागिता ने इस आयोजन की गरिमा को और अधिक बढ़ाया। 

विशेष रूप से झाल जमीरा, जामुन दीपा एवं टाना टोली के समस्त ग्रामीणों का हृदय से धन्यवाद, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर अतिथियों के स्वागत, व्यवस्था एवं सहयोग में अपनी अहम भूमिका निभायी। आप सभी के समर्पण और एकजुटता के बिना यह आयोजन सफल नहीं हो सकता था। 

इसके अतिरिक्त लोहरदगा जिला के सभी आदिवासी सामाजिक संगठनों के अगुआ, बुद्धिजीवी, युवा साथियों, मातृशक्ति एवं समस्त आदिवासी ग्रामीणों का भी हम हार्दिक अभिनंदन एवं धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने सामाजिक एकता, अनुशासन एवं सहयोग की भावना के साथ इस महापर्व को ऐतिहासिक सफलता दिलायी। 

हम सभी से यही अपेक्षा करते हैं कि भविष्य में भी अपनी संस्कृति, परंपरा, सामाजिक व्यवस्था एवं पूर्वजों की धरोहर को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए इसी प्रकार एकजुट होकर कार्य करते रहेंगे। अंत में, जिला राजी पड़ाह व्यवस्था, लोहरदगा की ओर से पुन: सभी सहयोगियों, ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया बंधुओं एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सफल आयोजन हेतु हार्दिक धन्यवाद एवं जोहार। 

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 47,137