- लापता अदिति की तलाशी के लिए होगा जोरदार आंदोलन : देवेंद्रनाथ महतो
- कोकर की लापता 18 माह की मासूम अदिति पांडे की सकुशल बरामदगी हेतु आंदोलन तेज होगा : देवेन्द्र नाथ महतो
- अदिति पांडे के सकुशल वापसी की मांग को लेकर 20 मई 2026 को सदर थाना के समक्ष शांतिपूर्ण प्रदर्शन
टीम एबीएन, रांची। रांची के कोकर क्षेत्र से 18 माह की मासूम अदिति पांडे के पिछले 10 दिनों से लापता रहने की घटना अत्यंत पीड़ादायक एवं चिंताजनक है। आज झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मां अंकिता पांडे एवं पिता मनीष पांडे का दु:ख साझा किया तथा परिवार को हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान श्री महतो ने कहा कि एक मासूम बच्ची का इतने दिनों तक लापता रहना कानून-व्यवस्था एवं जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
परिवार की उम्मीद धीरे-धीरे टूट रही है, लेकिन समाज और प्रशासन को मिलकर अदिति की सकुशल वापसी के लिए पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय निगरानी में तेजी से जांच कर मासूम अदिति पांडे की अविलंब सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाये तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।
इसी मांग को लेकर 20 मई 2026, समय - 3:00 बजे अपराह्न, सदर थाना के समक्ष शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया जायेगा। इसमें आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से शामिल होकर एक मासूम की आवाज बनने की अपील की गयी है। अंत में श्री महतो ने कहा कि मासूम अदिति की सकुशल वापसी केवल एक परिवार की नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी है।