पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच बढ़े दाम पर झारखंड चैंबर ने जतायी चिंता, मंत्री इरफान अंसारी ने सीएम को लिखा पत्र
टीम एबीएन, रांची। वैश्विक ईंधन बाजार में भारी अस्थिरता का प्रभाव झारखंड सहित देश भर में पड़ा है। एक तरफ लोग पेट्रोल-डीजल की किल्लत के कारण परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार के द्वारा पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दामों में की गई वृद्धि ने आम लोगों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ा दी है। झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स की मानें तो वर्तमान परिस्थिति में बाजार का क्या होगा कहना मुश्किल है।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा के अनुसार पेट्रोल-डीजल की किल्लत की वजह से राज्य का व्यवसाय जगत काफी प्रभावित हो रहा है। एक तरफ किल्लत, वहीं दूसरी ओर दाम बढ़े हैं। जाहिर तौर पर इसका बोझ जनता पर ही पड़ेगा। मौजूदा परिस्थिति में महंगाई बढेगी।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इंडस्ट्री कैसे चलेगा यह कहना मुश्किल है। क्योंकि डीजल की किल्लत की वजह से फैक्ट्री में जेनरेटर नहीं चल पाता है। ऐसे में किसी भी व्यवसायी के लिए इंडस्ट्री चलाना बेहद ही मुश्किल हो रहा है।
चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा कहते हैं कि पेट्रोल-डीजल की सर्वाधिक उपयोगिता परिवहन उद्योग में है। ऐसे में यदि यह उपलब्ध नहीं होगा तो हालात कैसे होंगे यह अंदाजा लगाया जा सकता है। झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स ने मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए केंद्र सरकार को पत्र लिखकर आग्रह किया है।
जिसमें कहा गया है कि राज्य में पेट्रोल डीजल के समुचित और वैकल्पिक व्यवस्था की दिशा में ठोस कदम उठाया जाये। उन्होंने कहा कि वैश्विक कारणों से जो परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं, उससे निपटने के लिए यदि शीघ्र कदम नहीं उठाये जायेंगे तो स्थिति बहुत ही गंभीर हो जायेगी।
राजधानी के कई पेट्रोल पंप के ड्राई होने और कई पेट्रोल-डीजल पंपों पर बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को लेकर मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने राज्यभर के पंपों पर लगातार बढ़ रही भीड़, लंबी कतारों और आम जनता को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए सीएम से संज्ञान लेने की बात कही है। इरफान अंसारी ने भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री से पंपों पर सुरक्षा बढ़ाने का अग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में आम नागरिकों को परेशानी में छोड़ना स्वीकार्य नहीं है। मंत्री इरफान अंसारी ने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की है। जिससे कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे और राज्य में शांति व्यवस्था कायम रह सके।