मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा एक माह से चलंत प्याऊ एवं वाटर कूलर सेवा से लोगों को राहत
टीम एबीएन, रांची। भीषण गर्मी को देखते हुए मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा पिछले एक माह से शहरवासियों की सेवा हेतु चलंत प्याऊ अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
इस सेवा के अंतर्गत ई-रिक्शा के माध्यम से रांची शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों को नींबू पानी, शरबत, सत्तू एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में मंच द्वारा पूरे रांची शहर में कुल 5 चलंत प्याऊ संचालित किये जा रहे हैं, जिससे प्रतिदिन हजारों राहगीरों, मजदूरों एवं आम नागरिकों को राहत मिल रही है।
इसके अतिरिक्त मंच द्वारा शहर में दो स्थायी वाटर कूलर फ्रीजर भी स्थापित किये गये हैं। पहला वाटर कूलर फ्रीजर मारवाड़ी ब्राह्मण सभा परिसर स्थित श्री सालासर हनुमान मंदिर में लगाया गया है, जबकि दूसरा कांके रोड स्थित दुर्गा मंदिर में स्थापित किया गया है। इन दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंच द्वारा बहुत जल्द शहर के अन्य विभिन्न क्षेत्रों में भी अतिरिक्त वाटर कूलर फ्रीजर लगाने की योजना बनायी गयी है। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष श्री विकास अग्रवाल ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना मानव सेवा का सबसे बड़ा कार्य है।
मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा सदैव सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। हमारा प्रयास है कि शहर के अधिक से अधिक क्षेत्रों तक यह सेवा पहुंचे ताकि किसी भी व्यक्ति को गर्मी में पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि चलंत प्याऊ अभियान को शहरवासियों का भरपूर सहयोग एवं सराहना मिल रही है। मंच के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास से यह सेवा निरंतर सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। आने वाले दिनों में और अधिक स्थानों पर वाटर कूलर फ्रीजर एवं पेयजल सेवा उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा ने सभी नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक जल संरक्षण करें एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता हेतु आगे आयें। इस कार्यक्रम के संयोजक योगेश्वर अग्रवाल, संकेत सरावगी एवं गौतम अग्रवाल थे। उपरोक्त जानकारी मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने दी।