झारखंड
गुमला : सुबह नौ बजे परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में होगा गणतंत्र दिवस का झंडोत्तोलन
ABN Bureau
•
15 Jan, 2022
1 Views
विज्ञापन
गुमला। गणतंत्र दिवस 2022 की आवश्यक तैयारियों के निमित्त उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन समिति की बैठक आईटीडीए भवन के सभागार में की गई। बैठक में गणतंत्र दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। उपायुक्त ने वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार के मद्देनजर सरकार द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के आलोक में गणतंत्र दिवस का आयोजन करने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य कार्यक्रम स्थल पर कोविड-19 संबंधी गाइडलाइन्स का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दिया। जिसके तहत कार्यक्रमस्थल पर व्यक्तियों के प्रवेश, कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होने वाले सभी व्यक्तियों को मास्क की अनिवार्यता भी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इसके लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दंडाधिकारी सहित आवश्यक बलों की प्रतिनियुक्ति विभिन्न प्रवेश द्वारों एवं स्टेडियम के अंदर तथा बाहर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्टेडियम के मुख्य द्वार पर कोविड टेस्टिंग एवं कोविड-19 टीकाकरण टीमों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। बैठक में उपायुक्त के द्वारा परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में होने वाले मुख्य कार्यक्रम एवं झंडोत्तोलन को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल को दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिला अग्निशमन पदाधिकारी को 24 जनवरी को अंतिम पूर्वाभ्यास परेड तथा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था का निर्देश दिया। बैठक में अन्य कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर परमवीर अल्बर्ट एक्का के बड़े बेटे विंसेंट एक्का को गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित करने तथा सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही देश की रक्षा में शहीद हुए स्वर्गीय नयमन कुजूर की पत्नी सहित जिले के ऐसे अन्य शहीद वीर सपूतों के परिजनों को भी जिला मुख्यालय में सम्मानित किए जाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। इंडोर स्टेडियम परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा बिरसा मुण्डा एग्रो पार्क स्थित भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा के रंग-रोगन, माल्यार्पण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा किए जाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आईटीडीए भवन परिसर से स्थापना शाखा जाने वाली सड़क, पुलिस अधीक्षक के कार्यालय, गोपनीय कार्यालय, उप विकास आयुक्त के कार्यालय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय, से होते हुए मेन रोड तक की साफ-सफाई तथा अनावश्यक उगी झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित करने का निर्देश नगर परिषद को दिया। उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को माल्यार्पण स्थल की साफ-सफाई एवं झाड़ियों की कटाई करने तथा संबंधित विभागों को रंग-रोगन का कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सम्मानित किए जाने वाले कोरोना काल एवं 15-18 तथा 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लोगों के टीकाकरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों, कोरोना काल में निरंतर अपनी सेवाएं देने वाले पीडीएस डीलरों, निर्वाचन संबंधी कार्यों में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले बीएलओ, उन्नत किसानों, अंतर्राष्ट्रीय एवं उभरते हुए खिलाड़ियों आदि की सूची 20 जनवरी तक उप विकास आयुक्त के कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में प्रात: 09.00 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रमुख संस्थानों/ विशिष्ट स्थानों पर झंडोत्तोलन के कार्यक्रम का समय भी निर्धारित किया गया। कहां कब होगा झंडोत्तोलन : टावर चौक स्थित शहीद चौक पर माल्यार्पण/ सलामी 08.00 बजे पूर्वाह्न, इंडोर स्टेडियम परिसर स्थित बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण 08.35 बजे पूर्वाह्न, शहीद स्मारक गुमला में माल्यार्पण पूर्वाह्न 08.40 बजे पूर्वाह्न, बिरसा मुंडा एग्रो पार्क स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण 08.50 बजे पूर्वाह्न, परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में 09.00 बजे पूर्वाह्न, उपायुक्त कार्यालय आईटीडीए भवन में 10.00 बजे पूर्वाह्न, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 10.05 बजे पूर्वाह्न, उप विकास आयुक्त कार्यालय में 10.10 बजे पूर्वाह्न, सदर अनुमंडल कार्यालय में 10.15 बजे पूर्वाह्न, जिला परिषद कार्यालय में 10.25 बजे पूर्वाह्न, गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय में 10.35 बजे पूर्वाह्न तथा पुलिस लाईन चंदाली में 11.15 बजे पूर्वाह्न। गणतंत्र दिवस परेड का पूर्वाभ्यास दिनांक 21 जनवरी से 23 जनवरी 2022 तक तथा पुन: परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी 2022 को पूर्ण वर्दी के साथ परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में किया जाएगा। गणतंत्र दिवस परेड में सीआरपीएफ, जेएमपी, डीएपी, होमगार्ड के जवान तथा वन रक्षी के जवान शामिल होंगे। पूर्वाभ्यास की अवधि में परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में पेयजल की व्यवस्था का भार कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को सौंपा गया। परेड के पूर्वाभ्यास एवं 26 जनवरी 2022 के परेड के लिए गुमला कस्तूरबा गांधी विद्यालय से अपना बैंड दल समय पर उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई। जिसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी गुमला आवश्यक समन्वय करेंगे। इस निमित्त बैंड दल को विद्यालय से लाने एवं ले जाने हेतु वाहन की व्यवस्था जिला परिवहन पदाधिकारी एवं जिला नजारत उप समाहर्त्ता को सुनिश्चित कराने का उत्तरदायित्व सौंपा गया। झंडोत्तोलन के साथ राष्ट्रीय गान की प्रस्तुतिकरण की व्यवस्था जिला शिक्षा पदाधिकारी करेंगे, जिसमें उनके द्वारा यह ध्यान रखा जाएगा कि राष्ट्रीय गान टीम में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे-बच्चियां न हो। उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि राष्ट्रगान दल प्रात: 08.00 बजे तक निश्चित रूप से परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में पहुंच जाएं। राष्ट्रगान दल को स्टेडियम तक लाने एवं ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था जिला नजारत उप समाहर्त्ता गुमला करेंगे। इसके साथ ही 26 जनवरी 2022 को प्रात: 08.00 बजे से लेकर पूर्वाह्न 11.30 तक छोटी-बड़ी वाहनों का परिचालन बंद करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक डॉ.एहतेशाम वकारीब, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद रवि आनंद, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्राण रंजन, सिविल सर्जन डॉ.राजू कच्छप, एलडीएम गुमला, जिला नजारत उप समाहर्त्ता सिद्धार्थ शंकर चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विभूति कुमार सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, जिला खेल पदाधिकारी कुमारी हेमलता बून, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, अग्निशमन प्रभारी पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, सहायक खनन पदाधिकारी रामनाथ राय, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग खुशेंद्र सोन केशरी, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुकेशनी केरकेट्टा, सदर अंचल अधिकारी कुशलमय केनेथ मुण्डू, पणन सचिव बाजार समिति व अन्य उपस्थित थे।
विज्ञापन