टीम एबीएन, रांची। रांची के लोवाडीह नाले से शव जैसा संदिग्ध अवशेष मिलने के बाद मंगलवार को सनसनी फैल गयी। लोग के बीच तरह के चर्चा होने लगी, कोई 18 महीने की मासूम अदिति पांडेय का शव बता रहा तो कोई कुछ और बोल रहा था।
हर कोई यही जानने की कोशिश में था कि आखिर नाले में मिला यह अवशेष किसका है। इस बीच, इलाके में यह चर्चा भी तेज हो गई कि कहीं यह अवशेष कोकर से लापता हुई 18 माह की मासूम अदिति का तो नहीं। हालांकि पुलिस ने अभी इस आशंका की कोई पुष्टि नहीं की है। फिलहाल जांच जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लोआडीह इलाके के बहते नाले में कुछ ऐसा दिखा, जिसे देखकर लोगों को शक हुआ। पहले आसपास के लोगों ने खुद देखने की कोशिश की, लेकिन मामला गंभीर लगने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध अवशेष को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस की सबसे बड़ी कोशिश यही है कि यह साफ किया जाए कि मिला अवशेष किसी इंसान का है या किसी जानवर का। इसके लिए अवशेष को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि वैज्ञानिक तरीके से इसकी पहचान हो सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती नजर में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना के बाद मौके पर जितनी जुबां, उतनी तरह की बातें होने लगीं। कोई इसे लापता बच्ची से जोड़ रहा था, तो कोई दूसरी कहानी बता रहा था। मौके पर मौजूद लोगों के बीच बेचैनी साफ दिख रही थी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और अफवाहें फैलाने से बचें। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवशेष वहां कैसे पहुंचा और इसकी असली पहचान क्या है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पायेगी।
गौरतलब है कि कोकर के खोरा टोली में बीते 9 मई को 18 महीने की मासूम बच्ची लापता है। पुलिस खोजबीन में जुटी हुई है। इस बीच अदिति के परिजनों को कई बार फ्रॉड कॉल के माध्यम से रुपये का डिमांड भी किया गया है।