Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

जमशेदपुर : रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी ने पत्नी, गर्भवती बेटी और जवान बेटे को मौत के घाट उतारा

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
जमशेदपुर : रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी ने पत्नी, गर्भवती बेटी और जवान बेटे को मौत के घाट उतारा
विज्ञापन

जमशेदपुर में खूनी खेल 

जमशेदपुर दहला, आरोपी बोला -हम इन सबको मार दिए हैं 

हत्या कर घर के कमरे में बैठा था आरोपी रवींद्र प्रसाद सिंह 

घर से कुल्हाड़ी और हथौड़ा बरामद 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जमशेदपुर के एग्रिको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर संख्या एल-3/13 में सोमवार सुबह हुए दिल दहला देने वाले तिहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी रवींद्र प्रसाद सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी सरिता प्रसाद सिंह, गर्भवती बेटी सुप्रिया सिंह और बेटे आइटी प्रोफेशनल बेटे रविकेश सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। 

पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल एक कुल्हाड़ी नुमा हथियार और हथौड़ा बरामद किया गया है। जमशेदपुर के एएसपी ऋषभ द्विवेद्वी ने घटना स्थल का मुआयना करने के पश्चात बताया कि शुरूआती जांच में पता चला है कि घटना के वक्त पत्नी रसोई में थी, जबकि बेटी और बेटा सो रहे थे। पुलिस जब मौके पर पहुंची तब घर में गैस चूल्हा चालू था, जिसे बाद में बंद कराया गया।

एएसपी ने बताया कि मृतका सुप्रिया सिंह की शादी करीब छह माह पूर्व हुई थी और वह गर्भवती थीं। इसकी पुष्टि उनके पति ने भी की है। वहीं बेटा रविकेश सिंह टीसीएस में कार्यरत था। आरोपी रवींद्र प्रसाद सिंह एक माह पूर्व ही टाटा स्टील से रिटायर हुए थे। एएसपी ऋषभ द्विवेद्वी के मुताबिक आरोपी खुद को मानसिक रोगी बता रहा है और फिलहाल किसी सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा है। 

घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह परिवार के फोन नहीं उठाने पर रिश्तेदारों और पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने पीछे की दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया तो अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गए। तीनों के शव खून से लथपथ पड़े थे, जबकि आरोपी घर के अंदर मौजूद था। पुलिस ने घर से सभी मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, लेकिन सभी मोबाइल लॉक हैं। आरोपी पासवर्ड बताने से इनकार कर रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल डेटा से हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सकती है। 

तुमलोग जाओ, हम इन सबको मार दिये हैं... 

पड़ोसी गंगाधर पांडेय ने बताया कि सुबह आरोपी की बेटी का फोन आया था कि घर में कोई फोन नहीं उठा रहा है। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई बाहर नहीं निकला तो वे लोग पीछे की दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। अंदर जाते ही रवींद्र सिंह ने कहा — तुमलोग जाओ, हम इन सबको मार दिये हैं, अंदर मत आओ। यह सुनकर सभी के होश उड़ गये। 

ऐसे व्यक्ति को नरक में भी जगह नहीं मिलेगी : पूर्णिमा साहू, विधायक 

घटनास्थल पर पहुंची जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी गर्भवती बेटी तक की हत्या कर दे, उसके लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोपी को फांसी जैसी कठोर सजा देने की मांग की।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 82,865