ईस्ट बसुरिया क्षेत्र में खेल मैदान के समीप बड़े पर्दों से घेराबंदी कर चलाया जा रहा अवैध कोयले कारोबार
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के कतरास स्थित ईस्ट बसुरिया क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खुलेआम अवैध कोयला कारोबार जारी है। हैरानी की बात यह है कि दिन-रात बेखौफ तरीके से यह अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुआ। यह अवैध कारोबार मुख्य सड़क से महज लगभग 500 गज की दूरी पर संचालित हो रहा है।
जिस स्थान का उपयोग पहले बच्चे खेल मैदान के रूप में करते थे, वहां अब पूरी तरह अलग माहौल बन चुका है। मैदान के आसपास भारी-भरकम वाहनों और बड़ी गाड़ियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण बच्चों और आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है।
ईस्ट बसुरिया चेक पोस्ट के पीछे बच्चों के खेल मैदान के समीप साफ देखा जा सकता है कि बड़े - बड़े पर्दों से घेराबंदी कर अवैध कोयले का कारोबार चलाया जा रहा है। कि इस अवैध कारोबार के कारण प्रशासन की छवि भी धूमिल हो रही है।
वहीं धनबाद एसएसपी लगातार अवैध कारोबार पर रोक लगाने के प्रयास में जुटे हैं, लेकिन कुछ कोयला माफिया प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर इस कारोबार को संचालित कर रहे हैं।
इधर, अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हेमंत सोरेन, झारखंड पुलिस, धनबाद पुलिस, रागिनी सिंह एवं सीआईएसएफ को टैग करते हुए अवैध कोयला कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने धनबाद एसएसपी से आग्रह किया है कि अवैध कोयला कारोबार पर तत्काल कार्रवाई की जाये तथा बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाये।