टीम एबीएन, रांची। रांची के कृष्णा नगर, पुंदाग थाना के पीछे फॉरेस्ट रोड स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर मार्ग के पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शुभारंभ हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं श्रीफल फोड़कर किया। मौके पर क्षेत्र में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला। स्थानीय श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री जायसवाल ने कहा कि मंदिर मार्ग का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण आवश्यकता थी।
इस सड़क के निर्माण से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों तथा राहगीरों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूर्ण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, नाली, जल निकासी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। मंदिर मार्ग का निर्माण होने से आसपास के क्षेत्र का आवागमन भी सुगम होगा।
यह जानकारी ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने देते हुए कहा कि इस अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ,सुरेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, दीपेश निराला, मनीष जालान, संजय सर्राफ, ज्ञान प्रकाश शर्मा, विशाल साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने विधायक श्री नवीन जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर मार्ग के निर्माण से श्रद्धालुओं, आश्रम के निराश्रितजनों, बुजुर्गों एवं स्थानीय लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने विधायक को जनहित के इस कार्य हेतु धन्यवाद देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल जनसेवा जीवन की कामना की। शिलान्यास समारोह सौहार्द, विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।