टीम एबीएन, रांची। मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा (सत्र 2026-27) की प्रथम कार्यकारिणी बैठक अपर बाजार स्थित अग्रसेन भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में समाजसेवा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।
अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने बताया कि शहर में रक्त की कमी को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे अपना वार्षिक शुल्क समय पर जमा करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन सदस्यों द्वारा दिसंबर माह तक वार्षिक शुल्क जमा नहीं किया जायेगा, उन पर देय राशि पर 20% अतिरिक्त शुल्क (लेट फीस) लगाया जायेगा। संगठन की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु सभी से समयबद्ध सहयोग की अपेक्षा की गयी है।
सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से 19 अप्रैल को चलंत पियाऊ का शुभारंभ किया जायेगा। इस चलंत पियाऊ के माध्यम से सत्तू पानी, आम का पन्ना एवं नींबू पानी जैसे पेय पदार्थ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को उपलब्ध कराये जायेंगे।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पियाऊ भी लगाये जायेंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। बैठक में एक भव्य स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, जिसमें आमजन को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा प्रदान की जायेगी।
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन समाजसेवा के कार्यों के माध्यम से निरंतर जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। उपरोक्त जानकारी अमित शर्मा ने दी।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष विनय अग्रवाल, सुभाष पटवारी, प्रवीण जैन छाबड़ा, अर्जुन सिंघानिया, विकास अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पाड़िया, उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल अन्य पदाधिकारी कार्यकारिणी सदस्य मौजूद थे। उक्त जानकारी पीआरओ अमित शर्मा ने दी।