रामगढ़ के मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। प्रसिद्ध सिद्ध पीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई गुरुवार से शुरू हो गई। झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर इस अभियान के तहत चिह्नित 254 दुकानदारों में से अधिकतर ने प्रशासनिक कार्रवाई से पहले ही अपनी-अपनी दुकानें स्वत: खाली करनी शुरू कर दी हैं।
मंदिर परिसर में मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद हैं। जिला प्रशासन अतिक्रमण हटाने को लेकर 7 जेसीबी मशीन लेकर मंदिर परिसर पहुंचा है। सुबह होते ही मंदिर परिसर का नजारा बदला-बदला दिखा।
जहां कभी दुकानें सजी रहती थीं, वहां अब लोग अपने सामान समेटते दिखे। रातभर कई दुकानदार छोटे-बड़े वाहनों से अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाते नजर आये, लेकिन इस पूरी प्रक्रिया के बीच उनके चेहरों पर मायूसी और भविष्य की चिंता साफ झलक रही थी।