- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : रामाधार पाठक
- दोषियों को बचाने की कोशिश हुई तो जनआक्रोश फूटेगा
- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बेनकाब करो
टीम एबीएन, रांची। रांची में उत्पाद परीक्षा के पेपर लीक मामले पर युवा नेता सह समाजसेवी रामाधार पाठक ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना न केवल प्रशासनिक विफलता है, बल्कि यह युवाओं के सपनों और मेहनत के साथ खुला अन्याय है।
उन्होंने कहा कि आज का युवा दिन-रात मेहनत कर अपने भविष्य को संवारने में लगा है, लेकिन इस तरह के पेपर लीक कांड उनकी मेहनत पर पानी फेरने का काम कर रहे हैं। यह केवल एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण है।
रामाधार पाठक ने सरकार से मांग की कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा इस कांड में शामिल हर छोटे-बड़े दोषी को बेनकाब कर सख्त से सख्त सजा दी जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में किसी भी तरह की लीपापोती की गई, तो युवा वर्ग सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा और एक बड़ा जनआंदोलन खड़ा होगा।अंत में उन्होंने दो टूक कहा— युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, अब सच्चाई सामने आकर रहेगी।