झारखंड के इस जिले में भू-धंसान से दर्दनाक हादसा: भरभराकर गिरा घर, 3 लोगों के शव बरामद
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां भू-धंसान की घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। देर रात तक चले रेस्क्यू आपरेशन के बाद मलबे से शवों को बाहर निकाला गया।
तीन लोगों के शव बरामद
जिले के कतरास इलाके के सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडाबार बस्ती में अचानक जमीन धंस गयी, जिससे एक घर पूरी तरह टूटकर गिर गया। इस हादसे में घर के अंदर मौजूद तीन लोग मलबे के नीचे दब गये। रेस्क्यू टीम ने देर रात करीब ढाई से तीन बजे तक अभियान चलाया और मलबे से तीनों के शव बाहर निकाले। मृतकों की पहचान मनोहर उरांव, उनकी बेटी गीता देवी और सरिता देवी के रूप में हुई है।
अचानक जमीन धंस गयी और...
बताया जा रहा है कि हादसे के समय मनोहर उरांव और उनकी बेटी घर में थे। उसी समय सरिता देवी किसी काम से उनके घर आयी हुई थीं। तभी अचानक जमीन धंस गयी और तीनों को संभलने का मौका नहीं मिला। मनोहर उरांव की पत्नी छोटू देवी ने बताया कि वह घटना के समय घर पर नहीं थीं, बल्कि पड़ोस में गयी हुई थीं। जब हादसा हुआ, तब उनके पति, बेटी और सरिता देवी घर के अंदर ही थे।
अगर समय पर बचाव कार्य शुरू होता, तो...
सरिता देवी की बेटी ने भी बताया कि उनकी मां मनोहर उरांव के घर गयी थीं और उसी दौरान यह दुर्घटना हो गयी। काफी देर बाद रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू हुआ और शवों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर समय पर बचाव कार्य शुरू होता, तो शायद तीनों की जान बचायी जा सकती थी।