Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

गढ़वा में बिछेगा सड़कों का जाल : मिथिलेश ठाकुर

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
गढ़वा में बिछेगा सड़कों का जाल : मिथिलेश ठाकुर
विज्ञापन
गढ़वा। केंद्र सरकार ने जिले के चिनिया प्रखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन सड़कों की मंजूरी प्रदान की है। 19.5 करोड़ रुपए की लागत से लगभग 22 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों के लिए सड़कों की सूची एवं प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया था। जिनमें चिनिया को छोड़कर अन्य प्रखंडों के प्रस्ताव में तकनीकी त्रुटि होने के कारण स्वीकृति नहीं हो सकी। पुन: शेष प्रखंडों के लिए भी केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही इसकी स्वीकृति दिलाने में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम से भी सहयोग करने का आग्रह किया है। मंत्री श्री ठाकुर ने बताया कि चिनिया प्रखंड के तीन प्रमुख सड़कों बिलैतीखैर मोड़ से रणपुरा वाया चिरका-कुंभीखांड़ तक, पासवान टोला से बरवाडी, मसरा, गम्हरिया टोला होते हुए एमपी टोला तक तथा तहले मोड़ से कठौतिया, छठ महुआ होते हुए भदुआ मोड़ तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से आदिम जनजाति बहुल इलाके के कई गांव चिनिया-रणपुरा एवं चिनिया रंका मुख्य सड़क से जुड़ जाएंगे। ये तीनो सड़कें इस क्षेत्र के लगभग पंद्रह हजार लोगों के लिए वरदान साबित होंगी। कई बार इन इलाकों से मरीजों और गर्भवती महिलाओं को चारपाई पर अस्पताल ले जाना पड़ता था। अब जल्द निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य आरंभ होगा। मंत्री ने बताया कि गढ़वा जिले के सभी प्रखंडो की कई महत्वपूर्ण सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृति के केंद्र सरकार को भेजी गई थी। पर कुछ तकनीकी त्रुटि के कारण स्वीकृत नहीं हो सकीं । पूरे जिले में सिर्फ़ चिनिया ब्लॉक की तीन सड़कों के निर्माण पर ही सहमति बन सकी। अब इन सभी त्रुटियों को दूर करते हुए पुन: सभी प्रखंडो की योजनाओं को केंद्र सरकार के पास भेजा गया है। जिनके फरवरी माह के अंत तक स्वीकृत हो जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई के तहत गढ़वा जिले को 14 ब्लॉक में बांटा गया है। हर ब्लॉक में अधिकतम बीस किलो मीटर सड़क लेनी है। चिनिया को छोड़कर बचे हुए शेष 13 प्रखंड से लगभग 260 किमी सड़क का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। मंत्री ने सांसद बीडी राम से भी व्यक्तिगत तौर पर आग्रह किया है कि वे गढ़वा, पलामू जिले की बदहाल सड़कों को केंद्र सरकार के संज्ञान में देते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कों की जल्द स्वीकृति का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सांसद महोदय का प्रयास योजनाओं की जल्द स्वीकृति में कारगर सिद्ध होगा।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 36,393