टीम एबीएन, रांची।
राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। रिम्स के पीडियाट्रिक विभाग के ए-2 वार्ड में 6 महीने के कोविड पॉजिटिव बच्चे को भर्ती किया गया है। रिम्स के पीडियाट्रिक वार्ड में भर्ती संक्रमित बच्चों की संख्या पांच हो गई है। भर्ती संक्रमितों में गुमला की 15 साल की बच्ची, बुंडू तमाड़ की रहने वाली 6 साल की बच्ची, रामगढ़ के बासल की रहने वाली 12 साल की बच्ची, बाघा केनाली की 11 साल की एक बच्ची के साथ रांची के कांटाटोली का रहने वाला 6 महीने का संक्रमित बच्चा भी शामिल है।रिम्स के विभिन्न विभागों को मिलाकर कुल 82 संक्रमित मरीज भर्ती हैं। इनमें न्यू ट्रॉमा सेंटर के दूसरे तल्ले पर 23 संक्रमित मरीज भर्ती हैं, जबकि न्यू पेइंग वार्ड में तीन, मेडिसीन डी-2 वार्ड में 12, डेंगू वार्ड में 11, सर्जरी डी-2 वार्ड में 28 और पीडियाट्रिक वार्ड में 5 बच्चे भर्ती हैं।