एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिम सिंहभूम। जिले के कुइदा गांव में गुरुवार रात जंगली हाथी के हमले में एक गर्भवती महिला की मौत हो गयी। यह घटना इलाके में डर और चिंता बढ़ा गयी है।
महिला की मौके पर ही मौत
पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतका 30 साल की रानी बोइपाई थीं। गांव के आस-पास हाल ही में हाथियों की हलचल बढ़ी हुई थी, इसलिए लोग सतर्क थे। रानी बोइपाई को भी हाथियों की गतिविधि का शक हुआ और वह रात में स्थिति देखने के लिए घर से बाहर निकलीं। जैसे ही वह बाहर आईं, हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से पकड़ लिया और जमीन पर पटककर कुचल दिया। इसके परिणामस्वरूप महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में भय का माहौल
घटना के बाद गांव में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से हाथियों की आवाजाही बढ़ गयी। है, जिससे डर बना हुआ है। गोइलकेरा थाना प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह वही हाथी था, जिसने जनवरी में इलाके में 22 लोगों की जान ली थी। वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं और उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।