टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए इस बार यह समारोह आॅनलाइन मनाया गया,जिसमे बच्चों ने बढ़-चढ़ कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस अवसर पर आयोजित स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में कक्षा पंचम की श्रुति मिश्रा प्रथम, तृतीय के प्रत्युष द्वितीय तथा चतुर्थ के शिवम राज तृतीय स्थान पर रहे। निबंध लेखन प्रतियोगिता में कक्षा अष्टम की काजल कुमारी को प्रथम, सप्तम की आकृति को द्वितीय तथा षष्ठ के अनिरुद्ध पंडित को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुए। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वामी विवेकानंद का चुंबकीय व्यक्तित्व विषय पर आयोजित इंग्लिश भाषण प्रतियोगिता थी, जिसमें कक्षा एकादश की चेतना श्री ने प्रथम, नवम की स्नेहा कुमारी ने द्वितीय तथा दशम की अनुप्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किए। कक्षा नवम की ही अभीप्सा हाजरा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन-दर्शन पर प्रकाश डाला।विद्यालय के प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद का रूप धारण करके सबकी खूब वाह - वाही बटोरी। प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी भारत की महान विभूति एवं युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। बच्चों को उनकी जीवनी अवश्य ही पढ़नी चाहिए। यदि हम उनके जीवन दर्शन को आत्मसात करें तो हमारा जीवन भी पावन हो जाएगा एवं हम देश के सुयोग्य नागरिक बन कर भारत का नाम विश्व फलक पर ऊंचा कर पाएंगे। सभी कार्यक्रम श्रीमती राजश्री मिश्रा के मार्गदर्शन में सफलता पूर्वक संचालित किए गए।