- मां शारदे मंच ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 101 महिलाओं को किया सम्मानित
टीम एबीएन, रांची। घर की चहारदीवारी और परिवार की ज़िम्मेदारियां महिलाओं के हौसलों और उनके हुनर के लिए कभी बेड़ियां नहीं बनतीं, बल्कि यही जिम्मेदारियां उनके आत्मविश्वास की ताकत बनकर उन्हें अपने सपनों को नई उड़ान देने की प्रेरणा देती हैं। कुछ ऐसा ही प्रेरणादायक दृश्य मां शारदे मंच की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम संघर्ष से शिखर सम्मान में देखने को मिला।
जहां समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सलाम किया गया। मां शारदे मंच द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाने वाली 101 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद व साहित्यकार महुआ माजी ने मां शारदे मंच के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मान देना केवल एक कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि यह समाज में उनके योगदान को स्वीकार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने सम्मानित हो रही मातृ शक्ति को नमन करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। राजनीति, शिक्षा, विज्ञान, स्वास्थ्य, प्रशासन, मीडिया और व्यापार जैसे क्षेत्रों में महिलाएं अपनी मेहनत और लगन के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं और मईयां सम्मान योजना जैसी पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर रांची की प्रख्यात दंत चिकित्सक एवं समाज सेविका डॉ मिनाक्षी सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने कहा कि सफलता केवल व्यक्तिगत प्रयासों से नहीं मिलती, बल्कि इसके पीछे परिवार और समाज का सहयोग भी महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह एक सफल पुरुष के पीछे एक महिला का हाथ होता है, उसी तरह एक महिला की सफलता के पीछे भी एक पुरुष का सहयोग और परिवार का समर्थन होता है।
उन्होंने महिलाओं को अपने सपनों पर विश्वास रखने और चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं झारखंड कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष बिभा सिंह ने भी मां शारदे मंच की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को साकार करने वाली ये महिलाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि इन महिलाओं की सफलता की कहानी नई पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक की तरह है, जिससे युवा पीढ़ी सीख ले सकती है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद भी अगर संकल्प मजबूत हो तो सफलता जरूर मिलती है। कार्यक्रम के दौरान रांची की नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलको भी समारोह में शामिल हुईं और उन्होंने भी मंच से महिलाओं को सम्मानित किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति ईश्वर की वह अद्भुत शक्ति है जो सृजन से लेकर संहार तक की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज आगे बढ़ता है।
मां शारदे मंच की अध्यक्ष नीतू सिन्हा ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में उन महिलाओं को मंच देना है जिन्होंने संघर्ष करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि कई महिलाएं अपने जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना करती हैं, लेकिन अपने साहस और मेहनत के बल पर वे सफलता की नई मिसाल कायम करती हैं। ऐसे ही प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को सम्मानित कर समाज के सामने लाना संस्था का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, डॉक्टर, पत्रकार, पिंक ऑटो चालिका, पैरालम्पिक खिलाड़ी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मानित होने वाली महिलाओं की उपलब्धियों और उनके संघर्ष की कहानियों ने वहां मौजूद लोगों को प्रेरित किया और यह संदेश दिया कि यदि हौसले बुलंद हों तो कोई भी लक्ष्य पाना असंभव नहीं होता।
कार्यक्रम में समीर सिन्हा, मनोज सिन्हा, पंकज प्रसाद, शंभू प्रसाद, सांई ट्रेवल्स के अभय सिंह, हरि सिंह, आदित्य, शिखा प्रिया, सीमा श्रीवास्तव, पुष्पा सिंह, सिम्मी गोस्वामी आदि ने भरपूर सहयोग किया।