- झारखंड के 48 नगर निकायों के लिए जारी मतदान जारी, समय के साथ लोगों की बढ़ रही है भीड़
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 48 नगर निकायों के लिए जारी मतदान के बीच राजधानी रांची में लोकतंत्र का उत्सव पूरे जोश और अनुशासन के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
राज्यभर के 43.43 लाख मतदाता 6,124 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला कर रहे हैं। 1,042 वार्डों में हो रहे इस चुनाव के लिए 4,307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। रांची नगर निगम क्षेत्र की बात करें तो यहां मेयर पद के लिए 11 प्रत्याशी और पार्षद पद के लिए 364 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक हो गया है।
राजधानी के कई इलाकों मोरहाबादी, हरमू, डोरंडा, बरियातू और हिंदपीढ़ी में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह है। मतदाताओं का कहना है कि लंबे समय से नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ी थी।
सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था जैसे मुद्दों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। कई मतदाताओं ने कहा कि वे शहर के समग्र विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की उम्मीद के साथ मतदान कर रहे हैं। अब वोटिंग प्रतिशत भी आने लगा है।
- रांची नगर निकाय चुनाव में पहले दो घंटे में 7.28% हुआ मतदान, जिला निर्वाचन कार्यालय ने दी जानकारी
- पहले दो घंटे में करीब 12% हुआ मतदान, आयोग से मिली जानकारी
- पाकुड़ मतदान प्रतिशत: 12.41
- देवघर नगर निगम क्षेत्र में सुबह 9 बजे तक 8.50 प्रतिशत मतदान हुआ
- मधुपुर 9 बजे तक 10.20 प्रतिशत
- धनबाद नगर निगम क्षेत्र में सुबह 9 बजे तक 5.73% मतदान हुए
- चिरकुंडा नगर परिषद में सुबह 9 बजे तक 7.24% मतदान हुए