टीम एबीएन, रांची। रांची में सुबह से ही बादलों की आंख मिचौली देखने को मिल रही है। कभी धूप तो कभी आंशिक बादल आसमान में दिखाई दे रहे हैं। इस तरीके की लुका छुपी पूरे दिनभर चल रही है। अब जो अपडेट आ रही है वह यह है कि रांची में आज हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
हालांकि यह बारिश सिर्फ रांची ही नहीं, झारखंड के चार जिलों में हो सकती है। जहां सिर्फ बारिश की बूंद ही देखने को मिल सकती है। झारखंड मौसम केंद्र के मुताबिक राजधानी रांची समेत खूंटी, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में आज बारिश की संभावना है।
हालांकि यह बारिश बहुत तीव्र तो नहीं रहेगी, लेकिन फिर भी 25% तक बारिश यहां पर देखी जा सकती है। वहीं, वज्रपात को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन अगर कहीं बाहर निकलते हैं तो साथ में छतरी लेना ना भूलें। क्योंकि, मौसम कभी भी करवट ले सकता है।