Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

रांची : ट्रैक्टर के धक्के से महिला और उसके बच्चे की मौत से सनसनी

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
रांची : ट्रैक्टर के धक्के से महिला और उसके बच्चे की मौत से सनसनी
विज्ञापन

रांची में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से महिला और 3 माह के बच्चे की मौत, दुनिया देखने से पहले ही मासूम ने कहा अलविदा 

टीम एबीएन, रांची। नगड़ी थाना क्षेत्र के पांडू गांव के पास बीते मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला और उसके तीन महीने के दुधमुंहे बच्चे की मौत हो गयी। हादसे के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने रांची-गुमला नेशनल हाईवे 43 को जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद देर शाम जाम हटाया गया। 

ट्रैक्टर का पहिया बच्चे के सिर पर चढ़ा 

जानकारी के अनुसार, सेंबो बारीडीह निवासी भगत मुंडा की पत्नी सुनीता मुंडा (34) अपने तीन महीने के बच्चे के साथ मायके केनके गांव आयी हुई थीं। मंगलवार को वह अपने रिश्तेदार अंकित मुंडा के साथ स्कूटी से नगड़ी बाजार सामान खरीदने गयी थीं। दोपहर करीब तीन बजे बाजार से लौटते समय पांडू गांव के पास ब्रेकर के नजदीक पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ब्रेकर के कारण स्कूटी की रफ्तार धीमी हो गयी थी।

इसी दौरान ट्रैक्टर ने पीछे से जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया बच्चे के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सुनीता मुंडा के सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोग उन्हें तुरंत नगड़ी के एक अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्कूटी चला रहे अंकित मुंडा को मामूली चोट आयी है। 

आये दिन हादसे का खतरा बना रहता है 

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नगड़ी चेक नाका चौक के पास एनएच-43 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शव को आटो में रखकर सड़क पर टायर जलाये और ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी व उचित मुआवजे की मांग की। यह जाम शाम चार बजे से साढ़े सात बजे तक रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी।

सूचना मिलने पर डीएसपी अरविंद कुमार और इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि बंधया रोड सहित आसपास की सड़कों पर ट्रैक्टर और हाइवा वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे आये दिन हादसे का खतरा बना रहता है। सुनीता मुंडा अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गयी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 49,149