जांच में अफवाह साबित हुई ईमेल
टीम एबीएन, रांची। रांची सिविल कोर्ट को शुक्रवार को बम विस्फोट की धमकी वाला एक ईमेल मिला, जिससे कोर्ट परिसर और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। यह धमकी रांची सिविल कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गयी थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गयीं।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने की सघन तलाशी
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम कोर्ट परिसर में पहुंची और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि ईमेल को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गयीहै। तलाशी के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
जांच के बाद अफवाह निकली धमकी
बम निरोधक दस्ते के सदस्य गणेश पान ने बताया कि कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि बम विस्फोट की धमकी महज एक अफवाह थी।
सुरक्षा व्यवस्था की गयी और कड़ी
हालांकि धमकी झूठी साबित हुई, लेकिन एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान के लिए जांच जारी है।