जिस राज्य की साड़ी पहनकर वित्त मंत्री बजट पेश करती हैं, बजट में भी वही राज्य दिखाई देता है, अंबा प्रसाद का तंज
टीम एबीएन, हजारीबाग/ रांची। केंद्र सरकार के बजट को लेकर विपक्षी दलों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव सह पश्चिम बंगाल की सह प्रभारी अंबा प्रसाद ने बजट को आम जनता के हितों से दूर बताया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में न रोजगार की चिंता दिखती है और न ही औद्योगिक विकास की ठोस योजना।
पूरे बजट में सिर्फ कॉरिडोर ही नजर आते हैं
पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव सह बंगाल की सह प्रभारी अंबा प्रसाद ने केंद्र सरकार के बजट पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूरे बजट में सिर्फ कॉरिडोर ही नजर आते हैं, जबकि आम आदमी के रोजगार और औद्योगीकरण को लेकर कोई ठोस बात नहीं की गयी है।
अंबा प्रसाद ने कहा कि बजट में तीन नये एम्स खोलने का प्रस्ताव जरूर रखा गया है, लेकिन सच्चाई यह है कि दिल्ली को छोड़कर देश के अन्य एम्स की हालत किसी सदर अस्पताल जैसी ही बनी हुई है। वहां न पर्याप्त सुविधाएं हैं और न ही डॉक्टरों व संसाधनों की व्यवस्था।
बजट में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल व ओडिशा जैसे पूर्वी राज्यों के लिए कुछ भी लाभदायक नहीं
अंबा प्रसाद ने केंद्रीय वित्त मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जिस राज्य की साड़ी पहनकर वित्त मंत्री बजट पेश करती हैं, बजट में भी वही राज्य दिखाई देता है। अब तक वे आठ अलग-अलग राज्यों की साड़ियां पहनकर आठ बजट पेश कर चुकी हैं और जिस साल जिस राज्य की साड़ी पहनती हैं, उसी राज्य को विकास के लिए अधिक फंड मिलता है।
अंबा प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि इस बजट में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा जैसे पूर्वी राज्यों के लिए कुछ भी लाभदायक नहीं है। साथ ही आम जनता के रोजमर्रा के इस्तेमाल के सामान पर भी कोई राहत नहीं दी गयी है, जिससे महंगाई से जूझ रही जनता को निराशा हाथ लगी है।