Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा भाव से परिपूर्ण भव्य आयोजन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा भाव से परिपूर्ण भव्य आयोजन
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग स्थित झारखंड के सबसे बड़े श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में अनेक धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा संचालित अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 251वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा, श्री राधा रानी का अलौकिक एवं भव्य श्रृंगार, भजन जागरण तथा सामूहिक महाआरती का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि झारखंड सरकार की माननीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने की। मौके पर ट्रस्ट की वरिष्ठ सदस्य विद्या देवी अग्रवाल ने मंत्री को अंगवस्त्र एवं श्री राधा-कृष्ण का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मंदिर परिसर और इसकी दिव्य भव्यता को देखकर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह मंत्रमुग्ध और अभिभूत हो गयीं। उन्होंने मंदिर एवं ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। 

धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ समाज सेवा के उद्देश्य से भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल के सौजन्य से एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 100 लोगों ने ईसीजी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, वजन, पल्स आक्सीजन जैसी आवश्यक स्वास्थ्य जांच करायी। शिविर में उपस्थित डॉ. शंकर ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिये। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।

भजन जागरण में ट्रस्ट के प्रसिद्ध भजन गायक मनीष सोनी एवं सज्जन पाड़िया ने एक से बढ़कर एक मनमोहक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की मधुर प्रस्तुति पर भक्तगण झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया। पुजारी अरविंद पांडे ने विधिवत पूजा अर्चना कर प्रसाद भोग लगाया। सामूहिक महाआरती के दौरान वातावरण भक्तिमय ऊर्जा से भर उठा। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा बिहान भारत परिवार के सौजन्य से संपन्न हुआ, जिसमें 2000 से अधिक भक्तों ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।

महाप्रसाद में केसर युक्त खीर, पुलाव, पूड़ी-सब्जी एवं चिप्स का वितरण किया गया। पूरे दिन चले आयोजनों के दौरान लगभग 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। समग्र रूप से यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा और सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा, जिसने श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और सेवा का एक सशक्त केंद्र बना दिया। 

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, सज्जन पाड़िया, सुनील पोद्दार, विद्या देवी अग्रवाल,मधुसूदन जाजोदिया, दीपेश निराला, संजय सर्राफ, विष्णु सोनी, अंजनी अग्रवाल, सुरेश चौधरी, मनीष सोनी, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा, संजय साहू, मुकुंद मिश्रा, संतोष देवी अग्रवाल, ललिता पोद्दार, सीता देवी शर्मा सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 31,766