भाजपा मुख्यालय को लिखा पत्र
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं। धनबाद नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर भी नेताओं में दावेदारी शुरू हो चुकी है। इसी कड़ी में झारखंड विधानसभा के पूर्व सदस्य संजीव सिंह ने मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।
संजीव सिंह ने मेयर उम्मीदवार बनाए जाने की इच्छा जतायी
संजीव सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पत्र लिखकर धनबाद नगर निगम से मेयर उम्मीदवार बनाये जाने की इच्छा जतायी है। चिट्ठी में उन्होंने खुद को पार्टी का निष्ठावान और अनुशासित कार्यकर्ता बताया है।
अपने पत्र में संजीव सिंह ने कहा है कि यदि पार्टी उन्हें मौका देती है, तो वे धनबाद के सर्वांगीण विकास और जनता के कल्याण के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करेंगे। उन्होंने संगठन और पार्टी की विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहरायी है।
वे पार्टी के हर निर्णय का सम्मान करेंगे
संजीव सिंह ने अपने राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि उनका परिवार लंबे समय से राजनीति और समाजसेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह चार बार विधायक रह चुके थे। उनकी मां कुंती देवी भी दो बार विधायक रही हैं। वहीं उनकी पत्नी रागिनी सिंह वर्तमान में झरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
संजीव सिंह ने यह भी बताया कि वे बीसीसीएल से जुड़े श्रमिक संगठनों के माध्यम से मजदूरों के अधिकार और कल्याण के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इससे उन्हें आम लोगों और मजदूरों की समस्याओं की गहरी समझ मिली है। पत्र के अंत में उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मार्गदर्शन और समर्थन की अपील की है। साथ ही यह भी कहा है कि वे पार्टी के हर निर्णय का सम्मान करेंगे और संगठन के निदेर्शों का पालन करेंगे।