टीम एबीएन, रांची। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग, रांची स्थित झारखंड के सबसे बड़े श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने विधिवत रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित श्रद्धालुओं को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
झंडोतोलन के पश्चात अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी भारतीय लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए समाज से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि धर्म, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम जब एक साथ जुड़ते हैं, तब समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे वातावरण अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण हो उठा। इसके पश्चात मनीष सोनी द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों पर आधारित मनमोहक भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
भक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संगम पूरे कार्यक्रम में देखने को मिला। गणतंत्र दिवस के विशेष अवसर पर श्री राधा कृष्ण भगवान का जड़ित आभूषणों एवं तिरंगा रंग की आकर्षक लाइटिंग से अलौकिक श्रृंगार किया गया। तिरंगे की रोशनी से सजा मंदिर परिसर दर्शनीय बन गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर 101 किलोग्राम केसरिया खीर का भोग श्री राधा कृष्ण को अर्पित किया गया, तत्पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में वितरण किया गया। साथ ही बच्चों के बीच टॉफियां वितरित कर उनके चेहरों पर खुशी बिखेरी गयी। बच्चों में विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला। पूरा मंदिर परिसर देशभक्ति के नारों, भजनों और भक्तिमय वातावरण से गूंजमान रहा।
उक्त जानकारी देते हुए ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया,पूरणमल सर्राफ, संजय सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, पुजारी अरविंद पांडे, सुरेश अग्रवाल, नवल अग्रवाल, सुरेश चौधरी, सुनील पोद्दार, कमल केडिया, अंजनी अग्रवाल, विष्णु सोनी, सुरेश भगत, ज्ञान प्रकाश शर्मा, मनीष सोनी, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु गण उपस्थित थे।