बसंत पंचमी पर आदित्य साहू ने संभाला प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद, संगठन को मजबूत करने का किया आह्वान
टीम एबीएन, रांची। रांची में बसंत पंचमी के अवसर पर झारखंड भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधिवत रूप से अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन किया और संगठन की मजबूती तथा राज्य के कल्याण की कामना की।
प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर आदित्य साहू का भव्य स्वागत किया गया। कार्यालय परिसर भाजपा के झंडों और नारों से गूंज उठा। उन्हें बधाई देने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में भाजपा संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक सशक्त व धारदार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता भाजपा की असली ताकत है और सभी को साथ लेकर राज्य की जनविरोधी सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जायेगी।