Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 31
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
झारखंड

धनबाद : होटल में बदमाशों का तांडव, मारपीट के बाद छिनतई

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
धनबाद : होटल में बदमाशों का तांडव, मारपीट के बाद छिनतई
विज्ञापन

धनबाद में दिनदहाड़े कानून-व्यवस्था फेल? होटल में घुसकर बदमाशों ने की मारपीट, सोने की चेन और 75 हजार लूटे 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के कतरास थाना क्षेत्र के कांको मोड़ पर गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी, जब दर्जनों हथियारबंद बदमाशों ने एक निजी होटल में घुसकर जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। इस दौरान होटल संचालक पर जानलेवा हमला भी किया गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। 

होटल में घुसकर तोड़फोड़ शुरू की 

हमले में होटल संचालक अंबुज मंडल गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंबुज मंडल ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि 15 से 20 की संख्या में आए बदमाश लाठी-डंडे और अवैध हथियारों से लैस थे। 

पीड़ित ने बताया कि मंगलवार को कुछ लोग होटल में खाना खाने आये थे। खाना खाने के बाद उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया और होटल संचालक को धमकाने लगे। इसके बाद गुरुवार को वही लोग अपने कई साथियों के साथ दोबारा होटल पहुंचे और सुनियोजित तरीके से होटल में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। 

75 हजार रुपये नकद भी लूट लिये 

विरोध करने पर बदमाशों ने अंबुज मंडल के साथ बेरहमी से मारपीट की और उनके गले से करीब 1.40 लाख रुपये की सोने की चेन छीन ली। इसके अलावा होटल काउंटर से 75 हजार रुपये नकद भी लूट लिये गये। अंबुज मंडल ने दावा किया है कि पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसे पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपा जायेगा। सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। 

स्थानीय लोगों में डर का माहौल 

पुलिस का कहना है कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद से इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

विज्ञापन