Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

लोहरदगा : शोकाकुल परिवारों से मिले सांसद सुखदेव भगत, बंधाया ढाढ़स

लोहरदगा : शोकाकुल परिवारों से मिले सांसद सुखदेव भगत, बंधाया ढाढ़स
विज्ञापन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत शुक्रवार को शोक की घड़ी में पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। सांसद सुखदेव भगत सबसे पहले छतर बगीचा, लोहरदगा स्थित नेतरहाट स्कूल के पूर्व शिक्षक स्वर्गीय अवध बिहारी दुबे के आवास पहुंचे। 

वहां उन्होंने स्वर्गीय दुबे के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मिलकर इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। सांसद ने कहा कि स्वर्गीय अवध बिहारी दुबे एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और आदर्श शिक्षक थे, जिनका शिक्षा जगत में अतुलनीय योगदान रहा है। उनका निधन न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। 

इसके पश्चात सांसद सुखदेव भगत कोर्ट रोड स्थित बलदेव साहू महाविद्यालय के पूर्व डेमोन्स्ट्रेटर स्वर्गीय गोपाल प्रसाद गुप्ता के आवास पहुंचे। वहां भी उन्होंने स्वर्गीय गोपाल प्रसाद गुप्ता के पार्थिव शरीर को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। सांसद ने कहा कि स्वर्गीय गुप्ता अपने सरल स्वभाव, कर्मठता और शैक्षणिक सेवाओं के लिए सदैव स्मरण किए जाएंगे। 

उनका जाना शिक्षा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस अवसर पर सांसद सुखदेव भगत ने दोनों परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि दु:ख की इस घड़ी में वे और उनका परिवार शोकाकुल परिजनों के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुलाकात के दौरान सांसद के निजि सचिव आलोक साहू सहित स्थानीय गणमान्य लोग, शिक्षक समुदाय के सदस्य एवं क्षेत्र के कई लोग उपस्थित थे।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 17,655