घर में घुसे डकैतों ने परिवार को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा, घटना में एक बच्चे की हालत गंभीर
टीम एबीएन, रांची। रांची से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घर में घुसकर चोरों ने घर के सदस्यों को बंधक बनाकर नकदी और जेवरात लूट लिये। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
तीन लोग गंभीर रूप से घायल
मामला जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र का है। यहां देर रात एक घर में डकैती की घटना हुई। अपराधियों ने घर में घुसकर नकदी और जेवरात लूट लिये। लाखों रुपये की संपत्ति डकैतों के हाथ लगी। बताया जाता है कि डकैतों ने घर के सदस्यों को बंधक बनाकर पिटाई की। इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डकैतों ने ग्रामीणों पर किया हमला
घटना में एक बच्चे की हालत गंभीर बतायी जा रही है, एक महिला का हाथ टूट गया और एक व्यक्ति के सिर में चोट आयी है। जब आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे, तो डकैतों ने उन पर भी पत्थर फेंककर हमला कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की पहचान कर पकड़ने के प्रयास जारी हैं।