टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 17 जनवरी 2026 को आजसू छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी गयी कि सत्र 2022-25 के बैक/अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए पुन: स्पेशल परीक्षा आयोजित की जाये।
उल्लेखनीय है कि सत्र 2022-25 के सेमेस्टर 1 से 6 तक में जिन छात्रों का किसी विषय में बैक लग गया था, उनके लिए विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व में एक स्पेशल परीक्षा का आयोजन किया गया था। किंतु कुछ छात्र अपरिहार्य कारणवश उस परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सके तथा कुछ छात्र परीक्षा में अनुत्तीर्ण रह गये।
ऐसे सभी छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह अत्यंत आवश्यक है कि उनके लिए पुन: एक स्पेशल परीक्षा आयोजित की जाये, ताकि वे अपनी शैक्षणिक बाधा को दूर कर आगे की पढ़ाई जारी रख सकें।
यह भी ध्यान देने योग्य है कि इनके बाद के सत्र से नई शिक्षा नीति (एनईपी) लागू हो चुकी है, जिसके अंतर्गत पाठ्यक्रम पूर्व की सीबीसीएस प्रणाली से पूर्णत: भिन्न है तथा पाठ्यक्रम की अवधि भी चार वर्षों की कर दी गयी है। इस कारण पुराने सत्र के छात्रों का नये पाठ्यक्रम में समायोजन संभव नहीं हो पा रहा है।
अत: विश्वविद्यालय प्रशासन से विनम्र अनुरोध किया गया कि उपर्युक्त परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 2022-25 सत्र के सभी बैक/अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए शीघ्र पुन: स्पेशल परीक्षा आयोजित करने की कृपा की जाए, ताकि छात्रों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रह सके।
इसके लिए समस्त छात्रगण विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति सदैव आभारी रहेंगे। इस अवसर पर छात्र संघ के विश्वविद्यालय संयोजक रवि रोशन, रोशन नायक, शिवम सिंह, बिट्टू वर्मा, आशीष कुमार, मानस, नितेश शर्मा, राज, योगेश सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे।