बेरमो /फुसरो। राज्य और जिले में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण, पुलिस—प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने और सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर हर वर्ष फुसरो—पिछरी स्थित दामोदर नदी तट पर लगने वाला हथिया पत्थर मेला इस बार नहीं लगाया जायेगा। उक्त जानकारी रविवार को हथिया बाबा धाम परिसर में श्री श्री हथिया बाबा धाम मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने बैठक कर दी है। बैठक में पत्रकारों को कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, सचिव संजय मल्लाह, कोषाध्यक्ष रोहित सिंह ने बताया कि वर्षों से 14 जनवरी के दिन मकर संक्रांति के उपलक्ष पर हथिया बाबा धाम में हथिया पत्थर मेला का आयोजन होते आया है। इस मेला में लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालु मेला देखने आते थे। साथ ही हथिया बाबा की पूजा अर्चना कर मन्नत पूरा होने वाले श्रद्धालु बकरा व मुर्गा की बलि देने का काम करते थे। लेकिन इस वर्ष पहली बार ऐसा होगा कि पूजा व मेला का आयोजन नहीं किया जायेगा। देश, राज्य व जिला में लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। मेले में भीड़भाड़ से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए श्रद्धालुओं द्वारा हथिया बाबा की पूजा अर्चना पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। हथिया बाबा मंदिर को ताला बंद कर रखा जायेगा। ताकि कोई भी श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश पर पूजा अर्चना नहीं कर सके। कमेटी के पदाधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि संक्रमण को देखते हुए कोई भी श्रद्धालु हथिया पत्थर धाम में नहीं आये। मेला में लगने वाले दुकानदार भी अपनी दुकान लगाने का काम नहीं करें। कमेटी के अपील के बाद भी श्रद्धालु व दुकानदार अपनी दुकान लगायेंगे तो कमेटी नहीं वे स्वयं जिम्मेवार होंगे। इसलिए अपने व अपने परिवार व जनता के हित में सभी मिलकर सरकार, पुलिस, प्रशासन को कोरोना के चुनौतियों से लडने में सहयोग करें। मौके पर सदस्य बादल महतो, प्रताप सिंह, तारकेश्वर सिंह, जयलाल मल्लाह, गोपाल मल्लाह, विकास सिंह, मुरलीधर सिंह आदि मौजूद थे।