हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई, 10 एकड़ में लगी फसल नष्ट
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम मुरानिया में पुलिस एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गयी।
गुप्त सूचना के आधार पर आज चलाये गये इस अभियान में लगभग 10 एकड़ क्षेत्रफल में अवैध रूप से लगी अफीम की फसल को चिन्हित कर मौके पर ही पूर्णत: विनष्ट कर दिया गया। अभियान के दौरान घटनास्थल से 4 डिलीवरी पाइप बरामद किये गये, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अवैध अफीम की खेती में संलिप्त व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान के उपरांत उनके विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जायेगी। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।