टीम एबीएन, रांची। सात माह के वेतन भुगतान की मांग को लेकर एचईसी के कामगारों ने सोमवार को मुख्यालय जाम कर दिया है। कामगार सुबह आठ बजे से ही मुख्यालय के पास जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। कामगारों की मांग है कि एचईसी प्रबंधन हर माह दो माह का बकाया वेतन भुगतान करे। टूल डाउन हड़ताल के दौरान का वेतन दिया जाए। उनपर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाए। साथ ही कैंटिन भत्ता का भुगतान किया जाए। जबकि प्रबंधन सिर्फ डेढ़ माह का वेतन भुगतान करने की बात कह रहा है। लेकिन प्रबंधन की ओर से इसका कोई आदेश जारी नहीं किया जा रहा है और न ही यूनियनों के साथ वार्ता ही की जा रही है। इस कारण कामगारों को प्रबंधन पर भरोसा नहीं हो रहा है। उधर प्रबंधन का कहना है कि सोमवार को ही एक माह के वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।