रांची में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी को लेकर बैठक
टीम एबीएन, रांची। उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में 10 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह 2026 की तैयारी को लेकर बैठक हुई। यह बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित की गयी। जिसमें जिले के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में उपायुक्त ने मोरहाबादी मैदान में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को समय पर व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि मोरहाबादी मैदान में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए दोनों ओर वाटरप्रूफ पंडाल, कुर्सी, गैलरी, मंच, साउंड सिस्टम, बैरिकेडिंग और मैदान को समतल करने की व्यवस्था की जाएगी। वीवीआईपी के बैठने, कार्यक्रम की समय-सारणी, परेड में शामिल कैडेटों के लिए अल्पाहार और पुष्प सज्जा की भी व्यवस्था होगी।
- बिजली आपूर्ति, जनरेटर, पेयजल, अस्थायी शौचालय और वीआईपी टॉयलेट की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
- नगर निगम को समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
- पुलिस विभाग को पार्किंग, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिये गये।
- चिकित्सा सुविधा के लिए मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। अग्निशमन विभाग भी पूरी तरह तैयार रहेगा।
उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण विभिन्न विभागों की झांकियां होंगी। इन झांकियों के माध्यम से झारखंड सरकार की योजनाओं, नीतियों के साथ-साथ राज्य की कला, संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक धरोहर को जीवंत रूप में दिखाया जायेगा।