Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

निकाय चुनाव : रांची का मेयर पद एसटी के लिए आरक्षित

निकाय चुनाव : रांची का मेयर पद एसटी के लिए आरक्षित
विज्ञापन

नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज, झारखंड में आरक्षण सूची जारी; रांची मेयर पद एसटी के लिए आरक्षित 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित नगर निकाय चुनाव की दिशा में अहम कदम उठाते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को मेयर, उपमेयर, नगर परिषद और नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के आरक्षण से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही शहरी निकाय चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ गयी है और राजनीतिक गतिविधियों में भी तेजी देखी जा रही है। 

रांची से धनबाद तक मेयर पदों का आरक्षण तय 

आयोग द्वारा जारी सूची के अनुसार रांची नगर निगम के मेयर पद को अनुसूचित जनजाति (अन्य) वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं धनबाद नगर निगम का महापौर पद अनारक्षित रखा गया है। पलामू नगर निगम में महापौर पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है। 

इसके अलावा हजारीबाग नगर निगम में मेयर पद अत्यंत पिछड़ा वर्ग-1, गिरिडीह नगर निगम में अनुसूचित जाति (अन्य), बोकारो नगर निगम में अनारक्षित (अन्य), सरायकेला-खरसावां/आदित्यपुर नगर निगम में अनुसूचित जनजाति (अन्य) और पूर्वी सिंहभूम/मानगो नगर निगम में अनारक्षित महिला के लिए आरक्षण तय किया गया है। 

48 शहरी निकायों में होने हैं चुनाव 

वर्तमान में झारखंड में कुल 48 शहरी निकाय हैं, जिनमें 9 नगर निगम शामिल हैं। इन सभी निकायों में आने वाले समय में चुनाव कराये जाने हैं। जानकारी के अनुसार, राज्य के 13 शहरी निकायों में वर्ष 2020 से ही चुनाव लंबित हैं, जबकि राजधानी रांची समेत अन्य नगर निगम और निकायों में वर्ष 2022 से चुनाव नहीं हो सके हैं। पहले ही वार्ड स्तर पर सीटों का आरक्षण तय किया जा चुका है और अब महापौर व अध्यक्ष पदों के आरक्षण की घोषणा कर दी गयी है। 

नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए भी आरक्षण घोषित 

राज्य की सभी 19 नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के लिए भी आरक्षण सूची जारी की गयी है। इसके तहत बंशीधरनगर नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला, मझिआंव अनारक्षित अन्य, हुसैनाबाद अनुसूचित जाति, हरिहरगंज अनुसूचित जाति महिला, छतरपुर अनारक्षित अन्य और लातेहार नगर पंचायत अनुसूचित जनजाति (अन्य) के लिए आरक्षित किया गया है। 

नगर परिषदों में भी आरक्षित सीटों की घोषणा 

इसी तरह नगर परिषद अध्यक्ष पदों के लिए भी आरक्षण तय कर दिया गया है। अधिसूचना के अनुसार गढ़वा नगर परिषद अनारक्षित अन्य, विश्रामपुर नगर परिषद अनारक्षित महिला, चतरा नगर परिषद अनारक्षित अन्य और झुमरी-तिलैया नगर परिषद पिछड़ा वर्ग-2 (अन्य) के लिए आरक्षित की गयी है। आयोग की इस पहल के बाद जल्द ही शहरी निकाय चुनाव की तिथियों की घोषणा होने की उम्मीद जतायी जा रही है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 7,544