Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर का प्रथम स्थापना दिवस भव्यता के साथ संपन्न

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर का प्रथम स्थापना दिवस भव्यता के साथ संपन्न
विज्ञापन

श्री राधा कृष्ण मंदिर देख झारखंड के वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर हुए भाव विभोर 

ग्रामीणों के बीच हुआ 200 कंबल का वितरण 

टीम एबीएन, रांची। रांची के पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित झारखंड के सबसे बड़े श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर का प्रथम स्थापना दिवस अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। 

हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भगवान श्री राधा रानी एवं श्री कृष्ण जी का अलौकिक एवं दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भजन- कीर्तन एवं संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। भक्ति संगीत की मधुर ध्वनि से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। 

कार्यक्रम के दौरान 101 किलो केसरिया खीर एवं बुंदिया का प्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के बीच वितरण किया गया। प्रसाद वितरण की व्यवस्था अत्यंत सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रही। सेवा और सामाजिक सरोकार को केंद्र में रखते हुए इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से आसपास के 200 जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया। 

ठंड के मौसम में यह पहल जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हुई। ग्रामीणों ने ट्रस्ट के इस सेवा कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर रहे। जैसे ही उन्होंने भव्य और सुसज्जित मंदिर के दर्शन किए, वे भावविभोर हो गए। 

मंदिर की वास्तुकला, स्वच्छता, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। इस अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से पुजारी पंडित अरविंद पांडे एवं ट्रस्ट अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने वित्त मंत्री को अंग वस्त्र एवं पुष्प गुच्छ देकर एवं श्री राधा कृष्ण का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। 

इसके पश्चात वित्त मंत्री ने मंदिर के ऊपरी तल्ले में ट्रस्ट द्वारा संचालित दिव्यांग एवं निराश्रितों के लिए स्थापित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम का भी भ्रमण किया। वहां रह रहे दिव्यांगों और निराश्रितों के लिए की जा रही सेवा, देखभाल और व्यवस्थाओं को देखकर वे अत्यंत प्रभावित हुए। उन्होंने ट्रस्ट के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा ही सच्ची सेवा है। 

वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर ने आश्रम एवं मंदिर से जुड़ी सेवा गतिविधियों के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं और सरकार सदैव इनके साथ खड़ी रहेगी। कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने करते हुए मंदिर एवं सद्गुरु अपना घर आश्रम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। 

ट्रस्ट के सचिव मनोज चौधरी ने कहा कि प्रथम स्थापना दिवस के इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता का भी सुंदर संदेश दिया। 

मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, संजय सर्राफ, सुनील पोद्दार, सुरेश चौधरी, सुरेश अग्रवाल, दीपेश निराला, विष्णु सोनी, सुरेश भगत, अंजनी अग्रवाल, ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं पुरुष उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 31,715