- राजधानी एक्सप्रेस पर ब्रेक! लोहरदगा में लाइनमैन की मौत से आक्रोशित लोगों ने ट्रैक किया बाधित
- लोहरदगा में लाइनकर्मी की मौत के बाद ग्रामीणों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा-रांची रेल लाइन में कार्यरत एक लाइनमैन की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने ट्रेन ही रोक दी।
मामले की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ हरकत में आ गई है। रेल रोके जाने की वजह से हजारों यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मृत लाइनमैन की पहचान लोहरदगा जिला के कैरो थाना क्षेत्र के नगजुआ गांव निवासी 50 वर्षीय वासुदेव उरांव के रूप में की गई है। वह रेलवे में एडहॉक पर कार्यरत था।
बुधवार को मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुरुवार शाम लोहरदगा से चलकर रांची जाने वाली आरएल 6 ट्रेन को ग्रामीणों ने लोहरदगा जिला के कैरो थाना क्षेत्र के नगजुआ के समीप रोक दिया। जिसकी वजह से हजारों यात्री ट्रेन में फंसे रहे। रेलखंड पर ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया।
ग्रामीणों ने रोकी मेमू ट्रेन
लोहरदगा से यह मेमू ट्रेन शाम 4:45 पर रांची के लिए खुलती है। 15 मिनट में यह नगजुआ रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां पर यह ट्रेन फंसी हुई है। लगातार आरपीएफ के अधिकारी ग्रामीणों से बात करने की कोशिश कर रहे हैं, परंतु ग्रामीण पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। जिसकी वजह से कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
एक लाइनमैन की मौत के बाद ग्रामीणों ने रेल लाइन को जाम कर ट्रेन रोक दी है। ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
_अरविंद कुमार, प्रभारी