Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

नववर्ष 2026 पर दिखी मस्ती से पहले भक्ति

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
नववर्ष 2026 पर दिखी मस्ती से पहले भक्ति
विज्ञापन

रांची और झारखंड के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पिकनिक स्पॉट रहे गुलजार 

टीम एबीएन, रांची। नववर्ष 2026 के पहले दिन राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं, प्रदेश के प्रमुख पिकनिक स्थलों पर भी सैलानियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। 
नववर्ष के अवसर पर मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया था। 

रांची के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल पहाड़ी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रात: 4 बजे सरकारी पूजा के बाद भक्तों के लिए पहाड़ बाबा के दर्शन शुरू किये गये। पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष राजेश साहू ने बताया कि सुबह से ही मंदिर परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शहर के विभिन्न हिस्सों से लोग भोलेनाथ के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं लेकर आए। रातू रोड निवासी ऋषभ सिंह ने बताया कि वह हर वर्ष अपने परिवार के साथ पहाड़ी बाबा के दर्शन करने आते हैं और इस बार भी भगवान शिव से कृपा बनाये रखने की प्रार्थना की। 

श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण 

वहीं, प्रभु जगन्नाथ को समर्पित रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गयी। प्रात: 6 बजे मंगल आरती के बाद 6:30 बजे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पट खोल दिया गया। मंदिर के प्रथम सेवक ठाकुर सुधांशुनाथ शाहदेव ने बताया कि भक्त मंदिर खुलने से पहले ही कतार में खड़े हो गये थे। अपराह्न 12:15 बजे हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाभोग का वितरण किया गया। 

राम भक्तों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर में भी नववर्ष के अवसर पर भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। मंदिर के महंत ओम प्रकाश शरण ने बताया कि सुबह 6 बजे से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था, जो अपराह्न 1 बजे तक जारी रहा। इसके बाद शाम 3:30 बजे से रात 9 बजे तक भक्तों ने दर्शन किये। पूरे दिन करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किये। 

पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ उमड़ी 

महंत ओम प्रकाश शरण ने कहा कि अंग्रेजी नववर्ष को लेकर लोगों की सोच में बदलाव आ रहा है। अब लोग नए साल की शुरुआत मंदिरों और मठों में पूजा-अर्चना के साथ कर रहे हैं, जो एक सकारात्मक संकेत है। इधर, खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड स्थित पंचघाघ झील में भी नववर्ष के अवसर पर पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ उमड़ी। 

पंचघाघ परिसर में ग्रामसभा द्वारा लगाये गये स्टॉलों में कच्चे चावल, मसाले और चिकन की बिक्री होती दिखी, वहीं कई दुकानदार गरमागरम देसी चिकन बनाकर सैलानियों को परोसते नजर आये। पर्यटक मित्र दुर्गा भेंगरा और देवेंद्र सिंह ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर पंचघाघ में लोग उत्साह और खुशी के साथ जश्न मना रहे हैं और एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैलानियों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 52,441