- रांची में युवती के अपहरण की आशंका, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
टीम एबीएन, रांची। रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र से एक 28 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। बारीडीह गांव निवासी बलिया मुंडा ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि उनकी बेटी सरिता होरो 16 दिसंबर 2025 को करीब 11 बजे दिन में स्कूटी से रांची सिविल कोर्ट के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों के अनुसार, युवती की स्कूटी और मोबाइल फोन का भी अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
आवेदन में बताया गया कि लापता युवती के मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाया और खुद को ड्राइवर बताया। उसने मोबाइल किसी पुल के पास मिलने की बात कही, इसके बाद से फोन बंद है। परिजनों ने चार लोगों—भाdo पाहन, रेतो पाहन, अरुण आर्मी और मनोज मिंज—पर अपहरण की आशंका जताई है। आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर इन लोगों ने पहले भी परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
परिजनों का कहना है कि उन्हें आशंका है कि इन सभी ने मिलकर युवती का अपहरण किया है और उसकी जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने पुलिस से बेटी को जल्द खोजने और आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिजनों ने रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण SP) को लिखित आवेदन देकर हस्तक्षेप की मांग की है। आवेदन में परिजनों ने मामले को गंभीर बताते हुए शीघ्र जांच, बेटी की बरामदगी और नामजद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की है। परिजनों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है।