ठंड में राहत के बजाय जानलेवा बना हीटर! नानी और नाती की दर्दनाक मौत, 6 लोगों की हालत गंभीर
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले में हीटर ने 2 लोगों की जान ले ली है जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गये। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
आग की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत
मामला जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र के विकास नगर का है। बताया जा रहा है कि एक महिला हीटर चलाकर कमरे में सो रही थीं, लेकिन उसे क्या पता था सुबह उसकी आंख ही नहीं खुलेगी। रात को 12 बजे के बाद अचानक कमरे में आग लग गयी और आग ने विकराल रूप ले लिया।
महिला और 15 दिन पहले नानी के घर आया उसका नाती आग की चपेट में आ गये जिससे दोनों की मौत हो गयी। इतना ही नहीं, आग की चपेट में आने से परिवार के ही छह अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गये हैं।
इलाके में पसरा मातम
कहा जा रहा है कि सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे। सूचना मिलते ही पहुंची दमकल की गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है।